क्या प्रदेश के विकास के अगले स्तर की बात नहीं होनी चाहिए?


(अनुराग तागड़े)
9893699969
मध्यप्रदेश को बीमारु राज्य की श्रेणी से बाहर लाने का श्रेय...प्रदेश में सोशल इंजिनियरिंग और कृषि के क्षेत्र में कमाल का प्रदर्शन...आम जनता के बीच सहज उपस्थिति जैसी बातों को लेकर भाजपा इसके पूर्व का चुनाव जीत चुकी है। अब बात की जाए अगले स्तर की और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी यह जानते है कि अगर उन्हें अगले वर्ष चुनाव में जनता के बीच वोट मांगने के लिए जाना है तब सही मायने में प्रदेश के विकास के  अगले स्तर कर रोडमैप जनता के सामने रखना होगा।
प्रदेश को तेज गति से आगे ले जाने के लिए नए विचार और नई योजनाओं का आगाज करने की बात करना होगी जिसमें आम जनता की भागीदारी हो और आम जनता को रोजगार देने की बात हो। आनंद संस् थान और नर्मदा सेवा यात्रा से मुख्यमंत्री अपनी सामाजिक छवि को एक्सटेंड कर सकते है पर इसके बाद डेड एंड है...अब असल बात करना जरुरी है प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर बोलना जरुरी है...खाली हो रहे खजाने को भरने की व्यवस्था कैसे होगी इसकी जानकारी आम जनता के बीच रखने की जरुरत है। किस प्रकार से प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा उद्योग लगे इसे लेकर बातें होना चाहिए....प्रदेश को राजस्व कैसे बढ़कर मिले इस ओर योजनाबद्ध तरीके से कैसे बढ़ सकते है इसका रोड़मैप बनाना जरुरी है। गत ढाई वर्षों में केंद्र की नीतियों के कारण आर्थिक अनुशासन की ओर देश बढ़ रहा है और प्रदेश में भी इसका असर नजर आना चाहिए। 
राज्य सरकार को आर्थिक अनुशासन और लक्ष्य के साथ काम करने की आदत डालना होगी और सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को समयबद्ध काम करने के लिए प्रेरित करना होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की छवि बेहद अच्छी है पर क्या प्रदेश भाजपा की छवि सभी दूर अच्छी है क्या घोटालों से सरकार अछूती रही है? क्या सरकार ने गुड गर्वेनेंस के सभी मापदंडो को पूर्ण किया है? प्रदेश में आज भी कानून व्यवस्था चुनौती है और प्रदेश का मतबल केवल इंदौर,भोपाल,ग्वालियर,जबलपुर नहीं है बल्कि अब अन्य छोटे केंद्रो की ओर सरकार को अपना रुख करना होगा। इस बार के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से जरुर होगी क्योंकि केंद्र में मोदी सरकार ने ढाई वर्षों में बेहद शानदार तरीके से कार्य किया है और आगे बढ़े है और अगले कुछ वर्षों में आगे किस प्रकार से बढ़ा जाए और देश के विकास का रोडमैप क्या होगा इसका खाका भी तैयार है। अब प्रदेश में चाहे मुख्यमंत्री शिवरासिंह चौहान के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ा जाए या किसी अन्य के प्रदेश की जनता ने विकास के कार्यक्रमों और योजनाओं को लेकर बहुत सी बाते सुनी है और पूर्ण होते हुए भी देखी है अब आम जनता को प्रदेश को विकास के फास्टट्रेक पर दौड़ते हुए देखना है और आम जनता अब यह भी याद रखती है कि इसके पूर्व में भाजपा ने क्या वादे किए थे और उनमें से कितने पूर्ण हुए है। कुलमिलाकर प्रदेश भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आऊट अॉफ द बॉक्स सोचने की जरुरत है और आम जनता को यह समझाने की जरुरत है कि हम विकास के अगले स्तर पर किस प्रकार से जाएंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

लता क्या है?

इनका खाना और उनका खाना

जन्माष्टमी विशेष