अनुष्का शर्मा ने लगे रहो मुन्नाभाई में एक्स्ट्रा का काम भी किया था


(अनुराग तागड़े)
फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी कम ही अदाकारा है जिन्होंने अपने करियर को बहुत तेज गति से आगे बढ़ाया हो और साथ में उसे प्रोफेशनल तरीके से संभाला भी हो। अनुष्का शर्मा ऐसी कलाकार है जो सही मायने में बॉलीवुड की तासीर को समझती है और किस तरह से प्रोफेशनल तरीके से आगे बढ़ना है यह भी उन्हें खूब आता है। अनुष्का सफलता को आगे कैसे ले जाना यह जानती है और यह भी जानती है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में किसी भी नायिका को काम करने का वर्ष काफी कम होते है। जहां पर नायिका 35 वर्ष के पार हुई कि नायिकाओं को रोल मिलना कठिन हो जाता है। ऐसे कई उदाहरण है जिसमें नायिकाओं ने दो चार हिट फिल्में दी है पर बाद में करियर जैसे ही ढलान पर आ जाता है वे कुछ भी नहीं कर पाती ।
सिनेमा के बदलते दौर में अब महिला केंद्रीत फिल्में भी बनने लगी है और रियेलेस्टिक फिल्मों के दौर में नई कहानियों को काफी पसंद किया जा रहा है। इस ट्रेंड को अनुष्का ने बहुत अच्छे से पहचान लिया है और इसी के अनुरुप उन्होंने अपने करियर को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। 
अनुष्का का जन्म अयोध्या में हुआ है और उत्तरप्रदेश की संस्कृति को वह बेहतर तरीके से जानती। पिता सेना में होने के कारण सेना के रहन सहन और वहां की संस्कृति का अनुष्का पर बहुत असर पड़ा। अनुष्का के व्यक्तित्व को गढ़ने में सेना की पृष्ठभूमि ने महती भूमिका निभाई है। अनुष्का ने अपनी पढ़ाई बैंगलुरु में पूर्ण की और बाद में वे मॉडलिंग की ओर झुकी और करियर को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई पहुंच गई।
फैशन शोज में भाग लिया
अनुष्का ने अपने आप को ग्लैमर वर्ल्ड के अनुरुप विकसित करने के भरपूर प्रयास किए और कई फैशन शोज में भी भाग लिए। फैशन शोज में रैंम्प पर चलने के दौरान उन्हें लगातार यह बोला जाता था कि किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया चेहरे पर नजर नहीं आना चाहिए और यही बात उन्हें खटकती थी। उन्होंने फिल्मों की तरफ रुख किया और एक्टिंग का प्रशिक्षण लिया। 
एक्स्ट्रा के रुप मे भी काम किया
अनुष्का अपने करियर को आगे बढाने के लिए प्रयत्नशील थी और इस दौरान उन्होंने लगे रहो मुन्नाभाई में एक्स्ट्रा के रुप में भी काम किया। फिर यशराज के लिए स्क्रीन टेस्ट की बारी आई तब अनुष्का ने पूरा एक दिन लगा दिया स्क्रीन टेस्ट के लिए और अंत में यशराज के साथ तीन फिल्मों का कांट्रेक्ट साईन किया। वे सीधे शाहरुख खान के साथ रब ने बना दी जोड़ी में नजर आई। फिल्म को आरंभिक रुप से लोगो ने और फिल्म विश्लेषकों ने नकार दिया था पर धीरे धीरे फिल्म ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अच्छी कमाई की। इस फिल्म के कारण उन्हें फिल्म फेयर अवार्ड के लिए नॉमीनेशन भी मिला था। इसके बाद वे बदमाश कंपनी फिल्म में नजर आई परंतु फिल्म इतनी चली नहीं। यशराज की तीसरी फिल्म बैंड बाजा बारात में अनुष्का रणवीर सिंह के साथ नजर आई और इस फिल्म के लिए अनुष्का ने पंजाबी सीखी थी और बड़ी मेहनत के साथ पंजाबी सीखी बावजूद इसके कई विश्लेषकों ने अनुष्का के पंजाबी बोलने के तरीके को लेकर मजाक भी उडाया था। फिल्म को काफी बेहतरीन रिस्पांस मिला और कमाई के मामलें में भी फिल्म ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।  अनुष्का ने अक्षय कुमार के साथ पटियाला हाउस में काफी अच्छा काम किया वही साथ में वे लेडिज वर्सेस रिकी बहल में भी नजर आई । शाहरुख खान के साथ जब तक है जान में उन्होंने एक रिपोर्टर की भूमिका निभाई और इस फिल्म के कारण उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट सर्पोटिंग एक्टर का अवार्ड भी प्राप्त हुआ। इसके बाद विशाल भारद्वाज की फिल्म मटरु की बिजली का मन डोला में उनके बोल्ड अंदाज को देखकर कई लोगो ने उन्हें टाईपकास्ट होने की बात कही पर अनुष्का यही नहीं रुकी। उन्होंने आमिर खान के साथ पीके फिल्म की और आमिर जैसे कलाकार के होने के बावजूद अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवाई। फिल्म ने जोरदार कमाई की और अनुष्का को भी इससे फायदा पहुंचा।
प्रोफेशनल तरीके से आगे बढ़ी
अनुष्का ने अपने को आगे बढ़ाने के लिए स्वयं का प्रोडक्शन हाउस क्लीन स्लेट फिल्म की नींव रखी। अनुष्का के इस निर्णय पर भी लोगो ने उंगलिया उठाई की अनुष्का को पहले करियर पर ध्यान देना चाहिए फिर प्रोडक्शन में उतरना चाहिए। पर अनुष्का ने अपने भाई के साथ प्रोडक्शन हाउस को आगे बढाया और अपनी पहली फिल्म एनएच 10 को बनाया। फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिला और अनुष्का की हिम्मत बढ़ी। इसके बाद अनुराग कश्यप की बाम्बे वेलवेट के फ्लाप होने से अनुष्का को बहुत निराशा हुई। जोया अख्तर की फिल्म दिल धडकने दो में अनुष्का अनिल कपूर,रणवीर सिंह,प्रियंका चोपड़ा जैसे कलाकारों के साथ नजर आई। फिल्म ने बॉक्स अॉफिस पर बहुत ज्यादा कमाई तो नहीं की पर फिल्म को काफी पसंद किया गया। 
सुल्तान से बदल गई छवि
यशराज की फिल्म सुल्तान ने अनुष्का को प्रसिद्धि और पैसा दोनो दिलाया। फिल्म सलमान खान मुख्य किरदार में थे। फिल्म के लिए अनुष्का ने खूब मेहनत की और कुश्ती के दांव पेंच भी सीखे। लगभग छ: सप्ताह तक अनुष्का ने कुश्ती सीखी और हरियाणवी बोलना भी सीखा। फिल्म ए दिल है मुश्किल में वे ऐश्वर्या,रणबीर के साथ नजर आई। फिल्म बॉक्स अ‍ॅॉफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई पर अनुष्का के अभिनय की तारीफ जरुर हुई।
अनुष्का की हाल ही में रिलीज हुई फिल्लौरी को मिश्रित प्रतिक्रिया आरंभिक रुप से मिली है। वही इम्तियाज अली की फिल्म रिंग में अनुष्का शाहरुख के साथ नजर आने वाली है। 
अध्यात्मिक है अनुष्का
 अनुष्का शाकाहारी है और हिंदू संस्कार और संस्कृति में काफी विश्वास रखती है। वे लगातार अपने गुरु के पास हरिद्वार जाती रहती है। वे प्रतिदिन ध्यान भी लगाती है। कई सामाजिक संगठनों के साथ भी अनुष्का जुड़ी है। अनुष्का सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती है और अपने सभी अकाउंट स्वयं हैंडल करती है।
विराट के साथ रिश्तें की स्वीकारोक्ती
अनुष्का शर्मा के करियर में तेज गति से आगे बढ़ने का एक कारण क्रिकेटर विराट कोहली के साथ दोस्ती भी शामिल है। दोनों एक दुसरे का बेहद सम्मान करते है और अपने रिश्तें को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार भी करते है। अनुष्का के कारण ही विराट भी अध्यात्म की ओर झुके है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अकेला हूँ...अकेला ही रहने दो

लता क्या है?

इनका खाना और उनका खाना